
विश्वामित्र आगमन, मारीच-सुबाहु वध और अहिल्या उद्धार की लीला ने मोहा मन
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। वरुणापार क्षेत्र के भोजूबीर में आयोजित सुप्रसिद्ध रामलीला के चौथे दिन सोमवार को विश्वामित्र आगमन, ताड़का वध, मारीच-सुबाहु वध तथा अहिल्या उद्धार के प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय और संवादों ने दर्शकों को धार्मिक वातावरण से जोड़ दिया। लीला के दौरान जय श्रीराम के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।लीला का शुभारंभ महर्षि विश्वामित्र के राजा दशरथ के दरबार में पहुंचने से हुआ। महर्षि ने राजा दशरथ को बताया कि वन में राक्षसों के आतंक के कारण ऋषि-मुनियों के यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठानों में लगातार विघ्न पड़ रहा है। उन्होंने अपने यज्ञ की रक्षा के लिए राजा दशरथ से प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण को अपने साथ भेजने का आग्रह किया।
पुत्र मोह में राजा दशरथ पहले व्याकुल हो उठते हैं, लेकिन गुरुजनों के समझाने और महर्षि विश्वामित्र के आग्रह पर श्रीराम और लक्ष्मण को उनके साथ भेज देते हैं। दोनों राजकुमारों के वन की ओर प्रस्थान का दृश्य देखकर दर्शक भावुक हो उठे।वन में पहुंचने के बाद राक्षसी ताड़का ऋषियों के यज्ञ में बाधा डालने पहुंचती है। महर्षि विश्वामित्र के निर्देश पर प्रभु श्रीराम ताड़का का सामना करते हैं और अपने दिव्य बाण से उसका वध कर देते हैं। ताड़का वध के प्रसंग का मंचन दर्शकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।इसके बाद यज्ञ में विघ्न डालने पहुंचे मारीच और सुबाहु का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। श्रीराम और लक्ष्मण ने राक्षसों का सामना करते हुए यज्ञ की रक्षा की। इस दौरान कलाकारों के युद्ध दृश्य और संवादों को दर्शकों ने खूब सराहा।
रामलीला के सबसे मार्मिक प्रसंगों में अहिल्या उद्धार का मंचन हुआ। महर्षि विश्वामित्र के साथ श्रीराम और लक्ष्मण आगे बढ़ते हुए उस स्थान पर पहुंचते हैं, जहां माता अहिल्या श्रापवश पाषाण शिला के रूप में थीं। महर्षि विश्वामित्र के निर्देश पर प्रभु श्रीराम के चरणों का स्पर्श होते ही अहिल्या का उद्धार हो जाता है। इस दृश्य के मंचन के दौरान श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए।
रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्राचीन धार्मिक प्रसंगों को मंचित करने का उद्देश्य नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग और धर्म के प्रति समर्पण से परिचित कराना है। लीला देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देर रात तक दर्शक विभिन्न प्रसंगों का आनंद लेते रहे।
