भए प्रगट कृपाला दीन दयाला

Share News

श्रीराम जन्मोत्सव से गूंजा रामलीला मैदान

वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। प्राचीन श्री रामलीला समिति भोजूबीर की ओर से आयोजित रामलीला में तीसरे दिन श्री राम जन्म लीला का मंचन देख श्रद्धालु भाव विभोर हो गए। रामलीला मैदान प्रांगण में राजा दशरथ के पुत्रेष्टि यज्ञ से लेकर श्रीराम जन्म, नामकरण, विराट दर्शन लीला का मंचन किया गया। श्री रामचरितमानस की चौपाइयों तथा दोहों के बीच लीला का शुभारंभ राजा दशरथ द्वारा पुत्र प्राप्ति की कामना से किए गए पुत्रेष्टि यज्ञ से हुआ। महर्षि वशिष्ठ के निर्देश पर श्रृंगी ऋषि ने विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया। यज्ञ पूर्ण होने के बाद अग्निदेव के प्रकट होकर राजा दशरथ को खीर प्रदान करने का दृश्य श्रद्धा और आस्था से परिपूर्ण रहा। इसके बाद जैसे ही भगवान श्रीराम का जन्म हुआ, पूरा रामलीला मैदान “भए प्रगट कृपाला” के जयघोष और बधाई गीतों से गूंज उठा। अयोध्या में आनंदोत्सव का वातावरण दिखाई दिया। कलाकारों के भावपूर्ण अभिनय ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। संयोजन में विजय अस्थाना, ओमप्रकाश गुप्ता, दीपक जायसवाल,राजेश‌ विश्वकर्मा, बीरबल, पन्ना यादव समेत अन्य पदाधिकारी और सदस्यों ने योगदान दिया।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *