
वाराणसी। राजर्षि स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (आरएसएमटी) में नवप्रवेशी एमबीए एवं एमसीए छात्रों के लिए आयोजित अभिमुखीकरण कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह में निदेशक प्रभारी प्रो. अमन गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया।विशिष्ट अतिथि उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के मानव संसाधन प्रमुख, खुदरा बैंकिंग गौरव रापेल ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बैंकिंग एवं व्यावसायिक क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, आवश्यक कौशल और उद्योग की अपेक्षाओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, व्यावसायिक दक्षता विकसित करने और बदलते कार्य परिवेश के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के वाणिज्य एवं प्रबंधन अध्ययन विभाग के प्रो. के.एस. जायसवाल ने उच्च शिक्षा और व्यावसायिक विकास के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने तथा ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल विकसित करने का संदेश दिया।पूर्व छात्र एवं ताज होटल, गोवा के वरिष्ठ प्रबंधक अंकित सिंह ने भी अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण किया गया, जिसका संयोजन सुजीत सिंह एवं अनुराग सिंह ने किया। विभिन्न सत्रों एवं गतिविधियों का प्रतिवेदन डॉ. विनिता कालरा ने प्रस्तुत किया। संयोजन डॉ. गरिमा आनंद ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. संजय कुमार सिंह ने किया।
