कांशीराम आवास में फिर गिरा छज्जा, टला बड़ा हादसा

Share News

10 दिन में दूसरी घटना, जर्जर भवनों की मरम्मत नहीं होने से लोगों में आक्रोश

वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। कांशीराम आवास में जर्जर भवनों के छज्जे गिरने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार रात करीब नौ बजे फ्लैट संख्या 93 का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय छज्जे के नीचे कोई मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना के बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। क्षेत्रवासियों के मुताबिक कांशीराम आवास के अधिकांश भवन जर्जर हो चुके हैं। कई मकानों के छज्जे और भवन के अन्य हिस्से कमजोर हैं। बारिश के बाद इनके गिरने का खतरा और बढ़ गया है। आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से जर्जर भवनों की मरम्मत और सुरक्षा को लेकर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने बताया कि 20 अगस्त को भी कांशीराम आवास के ब्लॉक संख्या 61 के कमरा नंबर 11 का छज्जा गिर गया था। हादसे में सतालू नामक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसके बाद भी भवनों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जर्जर मकानों की मरम्मत के लिए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। महज 10 दिन के भीतर दूसरी घटना से लोगों में आक्रोश है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से कांशीराम आवास के सभी जर्जर भवनों का तत्काल सर्वे कराने, खतरनाक हिस्सों को सुरक्षित करने और भवनों की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों ने चेताया कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *