
वाराणसी। राजेश कुमार सिंह, प्रदेश सचिव, लघु उद्योग भारती, उत्तर प्रदेश के नेतृत्व में उद्यमियों की एक बैठक लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) के औद्योगिक आस्थान, चांदपुर स्थित कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में सहायक निदेशक (इंचार्ज), MSME DFO, राजेश चौधरी के समक्ष विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं उद्योगों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।राजेश कुमार सिंह, प्रदेश सचिव, लघु उद्योग भारती, उत्तर प्रदेश ने बताया कि काशी में लघु उद्योग भारती नई युवा पीढ़ी से संवाद स्थापित कर उन्हें उद्योग स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित एवं सहयोग करेगा। साथ ही तकनीकी शिक्षा ग्रहण कर रहे युवाओं के साथ सहयोग करने का निर्णय लिया गया है।तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को संगठन से जुड़े उद्यमियों की फैक्ट्रियों का भ्रमण भी कराया जाएगा, ताकि उन्हें किताबी ज्ञान के साथ-साथ उद्योग जगत का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सके। इसका उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला उद्यमी बनाना है।MSME DFO के सहायक निदेशक (इंचार्ज) राजेश चौधरी ने बताया कि भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर युवा पीढ़ी प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, कौशल विकास योजना सहित अन्य योजनाओं के माध्यम से कुटीर एवं लघु उद्योग स्थापित कर सकती है। इन योजनाओं के अंतर्गत बैंकों के माध्यम से ऋण की सुविधा के साथ-साथ सरकार द्वारा सब्सिडी भी प्रदान की जाती है। उद्योग स्थापित करने के इच्छुक युवाओं एवं उद्यमियों को विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग एवं सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की विपणन सहायता योजना के अंतर्गत आकंक्षी जनपद सोनभद्र में एन टी पी सी के सहयोग से एक विक्रेता विकास कार्यक्रम एवं औद्योगिक प्रदर्शनी का आयोजन 2 & 3 सितम्बर 26 शक्तिनगर, सोनभद्र मे किया जा रहा है। कार्यक्रम में राजेश चौधरी, सहायक निदेशक (इंचार्ज), MSME DFO, रितेश बरनवाल, सहायक निदेशक, MSME सहित बृजेश गुप्ता, दिलीप गुप्ता, नयन गुप्ता, अभय एवं कई उद्यमी उपस्थित रहे।
