
दिल्ली-NCR में भारी बारिश से जलभराव और ट्रैफिक जाम देखने को मिला. 300 से ज्यादा फ्लाइट प्रभावित हुईं. वहीं गुरुग्राम में 25 अगस्त को WFH की सलाह दी गई है.
दिल्ली। आज सुबह से ही दिल्ली और उसके आसपास NCR इलाकों में मौसम सुहावना था. लेकिन चिपचिपाती गर्मी से राहत देने वाली बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं. यहां कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला. FlightRadar24 के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट पर करीब 397 फ्लाइट प्रभावित हुई या देरी से चलीं, जबकि 26 उड़ानों को रद्द करना पड़ा. खराब मौसम के चलते, 15 फ्लाइट्स को दिल्ली से दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया.
“गुरुग्राम में WFH, 4 KM तक लगा लंबा जाम”
गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद, प्रशासन ने 25 अगस्त को ऑफिस, सरकारी और निजी स्कूलों व दूसरे संस्थानों को कर्मचारियों और स्टाफ को घर से काम कराने की सलाह दी है. प्रशासन का कहना है कि इससे ट्रैफिक कम होगा और सड़कों व नालों की मरम्मत वाला काम आसानी से हो जाएगा. बारिश के बाद, सोहना रोड पर सर्विस लेन में करीब दो फीट पानी भर गया, जिससे करीब 4 किलोमीटर का लंबा जाम लगा.

“दिल्ली, नोएडा से गाजियाबाद तक जलभराव और जाम”
बारिश का असर दिल्ली के कई हिस्सों में भी देखने को मिला. यहां वायुसैनाबाद से संगम विहार के बीच लोग करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे. इससे एयरपोर्ट, ऑफिस और साकेत कोर्ट जाने वाले लोगों पर असर पड़ा. एक यात्री ने बताया कि वह एयरपोर्ट जाते समय करीब 30 मिनट तक जाम में फंसा रहा, उसे अपनी फ्लाइट छूटने की चिंता थी. नोएडा के सेक्टर 16, 39 और 95 में भी तेज बारिश हुई. गाजियाबाद में NH-9 के इंडस्ट्रियल एरिया अंडरपास के पास बहुत ज्यादा पानी भर गया और कई कारें-दोपहिया वाहन पानी में फंस गए.
“दिल्ली-NCR में आगे भी बारिश का अलर्ट”
मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR में आगे भी बारिश का अनुमान जताया है. लगातार बारिश से निचले वाले इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक की परेशानी बढ़ सकती है. हालांकि, बारिश ने गर्मी और उमस से राहत भी दी है. ऐसे में लोगों को मौसम अपडेट देखकर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है.
