
डीएम ने राजकीय निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक को प्रतिकूल प्रविष्टि के साथ विभागीय कार्रवाई कर निलंबित करने के लिए शासन को पत्र भेजे जाने हेतु निर्देशित किया
विकास परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा-सत्येंद्र कुमार
वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं के प्रगति की। इस दौरान उन्होंने विभागवार एवं परियोजनावार कार्यों की वर्तमान स्थिति, पूर्णता की समय-सीमा तथा निर्माण कार्यों से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने पर राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड-भदोही के परियोजना प्रबंधक को प्रतिकूल प्रविष्टि के साथ विभागीय कार्रवाई और निलंबित करने के लिए शासन को पत्र प्रेषित करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में अधिशासी अभियन्ता खंड कार्यालय उत्तर प्रदेश जल निगम(ग्रामीण) को प्रतिकूल प्रविष्टि, मुख्य अभियंता जल निगम को विभागीय कार्रवाई व स्पष्टीकरण, सीएम ग्रिड योजना के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियन्ता व कनिष्ठ अभियन्ता को विभागीय कार्रवाई और चीफ इंजीनियर को स्पष्टीकरण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के दो सहायक अभियंताओं के वेतन अवरुद्ध करने, लोक निर्माण विभाग-प्रांतीय खंड के सहायक अभियन्ता व अवर अभियन्ता के खिलाफ स्पष्टीकरण व विभागीय कार्रवाई की संस्तुति और अधिशासी अभियन्ता नलकूप खंड-प्रथम का वेतन रोकने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कार्यदाई संस्था के अभियंताओं को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं में भूमि, बजट, विद्युत, विभागीय समन्वय अथवा अन्य किसी कारण से कार्य प्रभावित हो रहा है, उसका तत्काल समाधान कराया जाए। संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से लंबित कार्यों को आगे बढ़ाएं। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि प्रत्येक परियोजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का नियमित अनुश्रवण किया जाए और प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराई जाए। पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को शीघ्र संबंधित विभाग को हस्तांतरित कर जनसामान्य के उपयोग में लाया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण परियोजनाएं जनहित से सीधे जुड़ी हैं। इसलिए अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जनता को निर्धारित समय पर परियोजनाओं का लाभ प्राप्त हो और सरकारी धन का सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
